91-8299273766 info@lokmanchnews.com
अम्बेडकरनगर: मीरानपुर कांड में नया मोड़, चार बच्चों के बाद मां गासिया खातून का शव भी बरामद

अम्बेडकरनगर। जनपद के अकबरपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में चार मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत के मामले में अब बड़ा मोड़ सामने आया है। पुलिस को बच्चों की मां गासिया खातून (37) का शव भी बरामद हुआ है, जिससे पूरे घटनाक्रम ने और गंभीर रूप ले लिया है।
गौरतलब है कि शनिवार को दो मंजिला मकान के अंदर शफीक (14), सऊद (10), उमर (8) और सादिया (7) के शव खून से लथपथ हालत में मिले थे, जबकि उनकी मां मौके से लापता थी। शुरुआती जांच में पुलिस मां पर ही हत्या का शक जता रही थी और उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस जब इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही थी, उसी दौरान घर से कुछ दूरी पर नाले के पास महिला का शव बरामद हुआ। इस बरामदगी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है।
अब मां का शव मिलने के बाद पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मामला आत्महत्या, हत्या के बाद आत्महत्या या किसी तीसरे एंगल से जुड़ा है।


एसपी अंबेडकरनगर प्राची सिंह के अनुसार, सिर्फ महिला (मां) के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता नियाज पिछले डेढ़ साल से सऊदी अरब में रह रहे हैं, जिससे पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मीरानपुर क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।