91-8299273766 info@lokmanchnews.com
गड्ढों में तब्दील सड़कें, मरम्मत की मांग को लेकर सभासद संघर्ष समिति अध्यक्ष का सांकेतिक धरना

टांडा, अंबेडकर नगरनगर पालिका परिषद टांडा क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार को सभासद संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद उर्फ छोटू ने पालिका अध्यक्ष के कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना देकर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहम्मद जाहिद उर्फ छोटू मांग पत्र सौंपने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद टांडा पहुंचे थे, लेकिन अध्यक्ष शबाना नाज़ का कार्यालय बंद होने के कारण वह कार्यालय के सामने जमीन पर बैठ गए और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया।


उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत से जुड़े कई प्रस्ताव पहले ही पास किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं किया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि जनहित से जुड़े मामलों को लेकर नगर पालिका गंभीर नहीं है।
सभासद संघर्ष समिति अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गड्ढों में तब्दील सड़कों के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।